भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
हम भारतवासी सब एक हों! / कविता भट्ट
Kavita Kosh से
					
										
					
					
सतरंगी नव-रश्मियों से
प्राची  के  ऐसे अभिषेक हों  ।
आशाओं का सूरज उगे तो
निर्मल सबके बुद्धि-विवेक हों॥
 
द्वेष त्यागें, उत्थान करें मिल
हम भारतवासी सब एक हों !
पात दम्भ के सभी झर जाएँ
ममता -समता सब  अतिरेक हों।
नवगीत  मधुर खग-कंठ  गाएँ 
प्रेम-सद्भाव सुमन अनेक हों॥
भारत माँ  का  यशोगान  करें
हम भारतवासी सब एक हों ॥
क्षुधाएँ शान्त, कंठ  हों सिंचित
नव उन्मेष नवल अभिलेख हों।
'कविता' मातृभूमि-सेवा ,धर्म
इसमें निरत धर्म-वर्ण  प्रत्येक हों ॥
नभ-दिगंत  छूने की ललक में
हम भारतवासी सब एक हों!
 
	
	

