भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"भरी दुपहरी / बुद्धिनाथ मिश्र" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बुद्धिनाथ मिश्र |अनुवादक= |संग्रह...' के साथ नया पन्ना बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

02:31, 20 जुलाई 2014 के समय का अवतरण

भरी दुपहरी
मारी-मारी फिरे डाल पर
पतछाँही के लिए गिलहरी
भरी दुपहरी ।

उलटी धूपघड़ी की टिड्डी
चाट गई सब हरियल सपने
तलवे जले घाट धोबिन के
मरी सीपियाँ लगीं चमकने ।

भरी दुपहरी
सूखे का बैताल नाचता
हुई दिशाएँ अन्धी-बहरी
भरी दुपहरी ।

रुत के मारे हुए कुँओं के
माथे पर मकड़ों के जाले
झूठी-सच्ची आग लगाकर
दुबकी हवा कहीं परनाले ।

भरी दुपहरी
पानी-पानी चिल्लाती है
बेपर्दा हो नदिया गहरी
भरी दुपहरी ।