भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"प्रीत का बिरवा / श्वेता राय" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

23:14, 1 फ़रवरी 2017 के समय का अवतरण

रोप दिया था प्रीत का बिरवा अपने मन के आँगन में
झूम झूम के लहराये ये अब की बरस के सावन में

प्रेम नाम है इस पौधे का
सुन सखियाँ थी इठलाईं
लगी बताने गुन इसके सुन
मन ही मन मैं हरषाई

सहकर सारी धूप छांव ये बढ़ता जाये हर क्षण में
झूम झूम के लहराये ये अब की बरस के सावन में

नन्हा पौधा बड़ा हुआ यूँ
जैसे सूरज चढ़ता है
भोर लालिमा से संझा तक
रूप अनेको धरता है

नेह लदी सब शाखायें हैं भरे जो खुशियाँ दामन में
झूम झूम के लहराये ये अब की बरस के सावन में

डाल डाल कुसुमित मंजरियाँ
सौरभ का ही दान करे
अंग अंग बहकाये ऐसे
जैसे मद का पान करे

तरसायेगा भ्रमरों को अब रूप रंग लिए यौवन में
झूम झूम के लहराये ये अबकि बरस के सावन में...