भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई / सोनरूपा विशाल" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सोनरूपा विशाल |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
17:25, 21 अगस्त 2020 के समय का अवतरण
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई
इसकी दुनिया सबके चित की चोर हुई।
अख़बारों के पन्ने तह रह जाते हैं
मिस और मिस्टर पहले फोन उठाते हैं
चाय अगर ठंडी भी हो चल जाती है
बातचीत अक्सर कल पर टल जाती है
मन रंगीन पतंग ये उसकी डोर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।
सुलझ-सुलझ कर भी उलझे -उलझे लगते
कितनी बातें छोटे से मन में भरते
साये बिन काया जैसे हो हम वैसे
सोच रहे इसके बिन जीते थे कैसे
जीवन धारा अब सागर का शोर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।
आभासी दुनिया में आभासी होकर
पाया है थोड़ा लेकिन ज़्यादा खोकर
तकनीकी है ये युग ,इक सच्चाई है
इसकी लेकिन अपनी इक अच्छाई है
अब मुश्किल भी इसके बिन हर ओर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।