भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"यह अकाल इन्द्रधनुष / देवेन्द्र कुमार" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
(नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=देवेन्द्र कुमार }} {{KKCatNavgeet}} <poem> चलो चलें हो लें, धन ख…)
 
(कोई अंतर नहीं)

21:49, 2 मई 2011 के समय का अवतरण

चलो चलें हो लें, धन खरियों के देश
             धान परियों के देश ।

आगे-आगे पछुवा
पीछे पुरवाई,
बादल दो बहनों के
बीच एक भाई,

बरखा के वन, तड़ित-मछरियों के देश
             जल लहरियों के देश ।

घिर आया धरती का
रंग आसमानी,
गेहुवन-सा ठनक रहा
सरिता का पानी,

पानी पर लोटती गगरियों के देश
        जल-गगरियों के देश ।

धूप-पत्र डाल गया
दिन का हरकारा,
यह अकाल इन्द्रधनुष
आगमन तुम्हारा,

आम के बहाने मंजरियों के देश
         गिलहरियों के देश ।