भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"दुनिया को चमकाये चाँद / श्रीप्रसाद" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्रीप्रसाद |अनुवादक= |संग्रह=मेरी...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
12:55, 20 फ़रवरी 2017 के समय का अवतरण
सागर में लहराए चाँद
तालों पर मुसकाये चाँद
नदिया की कलकल धारा में
झलमल रूप दिखाये चाँद
सूरज डूबे, आये चाँद
और रोशनी लाए चाँद
बाग-बाग में, फूल-फूल पर
खिल-खिलकर बिछ जाए चाँद
पेड़ों पर झुक आए चाँद
पत्तों पर शरमाए चाँद
छत पर छिटक-छिटककर फैले
आँगन में भर जाए चाँद
मुझको रोज बुलाए चाँद
लेकिन पास न आए चाँद
खिड़की से घुसकर कमरे में
खिल-खिल-खिल आ जाए चाँद
आसमान में आये चाँद
धरती खूब हँसाए चाँद
चम-चम-चम रोशनी बिछाकर
दुनिया को चमकाए चाँद।