भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

"मन करता / योगेन्द्र दत्त शर्मा" के अवतरणों में अंतर

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज
('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=योगेन्द्र दत्त शर्मा |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
 
(कोई अंतर नहीं)

16:58, 29 जून 2017 के समय का अवतरण

मन करता-
पंख लगें
और उड़ें हम!

हम विमान बनकर
यह आसमान नापें,
साहस की कहानियाँ
जल-थल पर छापें।

बाहर की
दुनिया से
तनिक जुड़े हम!

चंदा से बतियाएँ
तारों से खेलें,
सूरज के गुस्से को
हँस-हँसकर झेलें।

फिर अपनी
दुनिया की
ओर मुड़ें हम!

कितना लंबा-चौड़ा
जग का फैलाव है,
सैर-सपाटा कर लें
हमको भी चाव है।

इस छोटी
दुनिया में
क्यों सिकुड़ें हम!