भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
"किसने बजाई बंसरी! / रामेश्वरलाल खंडेलवाल 'तरुण'" के अवतरणों में अंतर
Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामेश्वरलाल खंडेलवाल 'तरुण' |अनुव...' के साथ नया पृष्ठ बनाया) |
(कोई अंतर नहीं)
|
17:10, 12 अप्रैल 2018 के समय का अवतरण
किसने बजाई बंसरी!
बरसात की इस रात में मेरी व्यथा कर दी हरी!
किसने बजाई बंसरी!
स्वर-कुंज में मुझको भला,
थपकी लगा, सुख से सुला,
गठरी पुराने प्यार की, दी खोल मोती से भरी!
किसने बजाई बंसरी!
भीनी सुगंधों से बसे-
रोमिल-सलोने चित्र से-
कितने बहाती ला रही, सुधि-निर्झरी, रस की भरी!
किसने बजाई बंसरी!
यह रागिनी युग-युग चले,
गीली रुई-सा मन जले!
रे, प्राण ले कर ही रहेगी, रात की रानी, मरी!
किसने बजाई बंसरी!
बरसात की इस रात में मेरी व्यथा कर दी हरी!
किसने बजाई बंसरी!