भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अर्घ्य दे रही / गुलाब सिंह

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:30, 7 जनवरी 2014 का अवतरण ("अर्घ्य दे रही / गुलाब सिंह" सुरक्षित कर दिया (‎[edit=sysop] (बेमियादी) ‎[move=sysop] (बेमियादी)))

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सुबह
शाख पर बैठी श्यामा
नाम पुकार रही डर-डर के।

अर्घ्य दे रही अँजुरी छलके
अधर हिल रहे हल्के-हल्के

भीगे केश
सिहरते कंधे
धुएँ उठ रहे धूप-अगर के।

देह, कथा-सी, रूप, आरती
उठती बाँहें पुष्पहार-सी।

साज सिंगार
प्यार मनुहारों
पूजा बने पड़ाव उमर के।

झुकी हुई टहनी की चिड़िया,
तुमने कैसी सुबह कर दिया!

सारे फूल
फूल लगते
जैसे बेदाग किसी चूनर के।