भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कई सदियाँ साथ जीते / गुलाब सिंह

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:38, 7 जनवरी 2014 का अवतरण ("कई सदियाँ साथ जीते / गुलाब सिंह" सुरक्षित कर दिया (‎[edit=sysop] (बेमियादी) ‎[move=sysop] (बेमियादी)))

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आप ने भेजी बधाई
कहा हमने धन्यवाद
कठिन पूरे वर्ष पर
कितना सरल संवाद!

सोचते हैं सिन्धु-मोहन जोदड़ो
और जीते बम्बई नगरी,
सिविल लाइन के तिराहे पर
गाँव की गोरी खड़ी रख कमर पर गगरी,

आँख का सुख आधुनिक
प्राचीन मन का स्वाद।

लाल-पीले रेशमी धागे उड़ाते
रात फव्वारे मचलते हैं,
सात रंगों से सजे फुटपाथ पर
कुछ अँधेरे जागते करवट बदलते हैं

रोशनी इतनी कि जैसे-
धूप का अनुवाद।

कई सदियाँ साथ जीते
गया यह भी वर्ष,
आज भी तो मौत ही है
शांति का उत्कर्ष,

गोलियों का क्या गिला
क्या बमों का परिवाद?