भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

चील / तुलसी रमण

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 04:27, 14 जनवरी 2009 का अवतरण ("चील / तुलसी रमण" सुरक्षित कर दिया [edit=sysop:move=sysop])

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आसमान में उड़ती
चील की झोली में
अनगिनत मुट्ठियाँ रेत है
जमीन पर फले
कबूतरों के लिए
जिस छोर से भी
फड़फड़ाते हैं पंख
एक मुट्ठी रेत
   फेंक देती है चील
और व्यस्त हो जाते हैं कबूतर
दाना–दाना खोजने में

चील की इस चाल पर
जब सिर उठाते हैं कबूतर
चील छेड़ देती है मल्हार
सावन के अंधों के लिए
ज्यों–ज्यों बदलते हैं मौसम
चील बदल देती है राग
खाली पेट कहीं शुरू होता है तांडव
कहीं नंगे तन भरत–नाट्यम्
और कहीं रणबाँकुरे करने लगते अभ्यास
पहाड़ से समुद्र तक
फैली जमीन पर
कबूतरों की गुटरगूँ
और चील का राग है
बहुत कम दिखाई पड़ते हैं
डफलियाँ लिए वे कुछ हाथ
जिनका अपना–अपना राग है