Last modified on 9 फ़रवरी 2011, at 16:50

कितने दिन हुए देखे / गुलाब सिंह

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:50, 9 फ़रवरी 2011 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गुलाब सिंह |संग्रह= }} {{KKCatNavgeet}} <poem> फूल पर बैठा हुआ भँ…)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

फूल पर बैठा हुआ भँवरा
शाख पर गाती हुई चिड़िया
घास पर बैठी हुई तितली
और तितली देखती गुड़िया
हमें कितने दिन हुए देखे !

घाट के नीचे झुके दो पेड़
धार पर ठहरी हुई दो आँख
सतह से उठता हुआ बादल
और रह-रह फड़कती दो पाँख
हमें कितने दिन हुए देखे !

बाँह-सी फैली हुई राहें
गोद-सा वह धूल का संसार
धूल पर उभरे हुए दो पाँव
और उन पर बिछा हरसिंगार
हमें कितने दिन हुए देखे !

घुप अँधेरे में दिए की लौ
दिए जल पर भी जलाते लोग
रोशनी के साथ बहती नदी
और उससे नाव का संयोग
हमें कितने दिन हुए देखे !