भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

महानगर में / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:07, 23 अक्टूबर 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=र...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

क्या बतलाएँ
सबको सूरज मिला अधूरा
महानगर में
 
अपनी-अपनी खोह सभी की
उसमें बैठे
लोग आरती करते खुद की
रहते ऐंठे
 
आधे हैं सब
कोई भी संबंध न पूरा
महानगर में
 
सबको जल्दी
कौन चले अब पाँव-पियादे
चिंताएँ-विपदाएँ
सब कंधों पर लादे
 
ताली बजा रहा
राजा का नया जमूरा
महानगर में
 
अपनी आँखों पर
पट्टी सब बाँधे रहते
कोई भी घर के बँटने का
हाल न कहते
 
आम कट चुके
खूब फले हैं आक-धतूरा
महानगर में