भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ऋतु संहार / गुलाब सिंह

Kavita Kosh से
Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:37, 7 जनवरी 2014 का अवतरण ("ऋतु संहार / गुलाब सिंह" सुरक्षित कर दिया (‎[edit=sysop] (बेमियादी) ‎[move=sysop] (बेमियादी)))

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मनमानी करते मौसम का
कैसा गुस्सा, कैसा प्यार?

आई नदी ले गई खुशियाँ
रेत दे गई द्वारे,
धरे हाथ पर हाथ खड़े हैं
तट के पेड़ बिचारे,

गिरगिट-से मेघों का
क्या स्वीकार, क्या इन्कार?

साँपों की केंचुलें नीड़ में
पर खुजलाते पक्षी,
अंधी बस्ती में गूँजे स्वर-
मीनाक्षी - मीनाक्षी,

बालू की दीवारों पर
बूँदों के बन्दनवार।

सपने व्यथा-वियोग सौंपते
मिट्टी भरती साँसें,
कंधे शव, ओठों सच्चाई
हाथों फूल-बताशे,

एक आँख में मेघदूत
दूजी में ऋतुसंहार।