भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
बसंत के फूल / हरिऔध
Kavita Kosh से
Gayatri Gupta (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:49, 2 अप्रैल 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ |अ...' के साथ नया पन्ना बनाया)
रस टपक है रहा फले फल से।
हैं फबन साथ फब रहीं फलियाँ।
फूल सब फूल फूल उठते हैं।
खिलखिला हैं रही खिली कलियाँ।
पेड़ सब हैं कोंपलों से लस रहे।
है लुनाई बेल, बाँस, बबूल पर।
है लता पर, बेलि पर छाई छटा।
है फबन फैली फलों पर, फूल पर।
तन, नयन, मन सुखी बनाते हैं।
पेड़ के दल हरे हरे हिल कर।
बास से बस बसंत की बैंहर।
फूल की धूल धूल से मिल कर।
रस भरा एक एक पत्ता है।
आज किस का न रस बना सरबस।
फूल से ही न रस बरसता है।
फूल पर भी बरस रहा है रस।
कर दिलों का लहू लहू डूबे।
ए छुरे पूच पालिसी के हैं।
या खिले लाल फूल टेसू के।
या कलेजे छिले किसी के हैं।
आज काँटे बखेर कर जी में।
फूल भी हो गया कटीला है।
चिटकती देखकर गुलाब-कली।
चोट खा चित हुआ चुटीला है।