भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गीत गाता रहा / जनार्दन राय

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 05:09, 27 नवम्बर 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=जनार्दन राय |अनुवादक= |संग्रह=प्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

गीत गाता रहा, प्यार पाता रहा,
रात ढलती रही, मन बहलता रहा।
जिन्दगी थी बहुत छूट पीछे गई,
पर फूदकती हुई पास आती गई।
रात में भी प्रभाकर चमकता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

शान्ति का स्वर रहा गुंजता ही यहां,
पास आती गई दूर थी जो जहां।
कल किशोरी का भी आज बनता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

शुष्कता निज निरख हार मुरझा गई,
उर की आशा-कली फूल बनती गई।
दिल के प्यालों से था रस छलकता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

प्रीति जो थी पुरानी नई बन गई,
नीति की रीति भी तो घनी बन गई।
उर मिला था वहां सुख सरसता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

गोबर्धन उठा काली के कृष्ण ने,
था इशारा किया प्रीत पहचानने।
नेह का नीड़ गोकुल विहंसता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

स्नेह स्वेता की सुरसरि वहां बह चली,
भक्ति-सरिता गुरु की भली थी पली।
दिल सदा था हरा, मुस्कुराता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

गीत गाता रहा, प्यार पाता रहा,
रात ढलती रही मन बहलता रहा।

-देसुआ,
25.10.1972 ई.