Last modified on 21 अक्टूबर 2016, at 01:51

तय न हो पाया / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:51, 21 अक्टूबर 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामस्वरूप 'सिन्दूर' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

तय न हो पाया, कि चुम्बन वासना या प्यार!
प्यार ने स्वीकार कर ली काँच की दीवार!

आह से धूमिल न होगा पारदर्शी रूप,
मेघमाला से ढलेगी इन्द्रधनुषी धूप,
तृप्ति के सर पर लटकती दूधिया तलवार!
प्यार ने स्वीकार कर ली काँच की दीवार!

होंठ पर हैं होंठ, करतल करतालों के पास,
भित्ति-चित्रों में मुखर है प्रीत का संत्रास,
यूँ लगे, जैसे किनारे पर खड़ी मझधार!
प्यार ने स्वीकार कर ली काँच की दीवार!

जानता है कौन हम किस कन्दरा में लीन,
गन्ध है बेहोश, ऐसी बज रही है बीन,
हम उतर आये अतल में, क्षीर सागर पार!
प्यार ने स्वीकार कर ली काँच की दीवार!