Last modified on 1 फ़रवरी 2017, at 22:41

बहता है बन प्राण प्रिये / श्वेता राय

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:41, 1 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

धरा-गगन में प्रेम गूँजता, सुमधुर बन के गान प्रिये।
मन से मन को जोड़ करे जो जगती से अनजान प्रिये।

पावस की रिमझिम बूंदों से, बहता सरिता में कलकल।
निर्झर के झर झर में घुल कर, छलके है ये छल छल छल।
बढ़ता जाता नित प्रतिदिन ये, निज से प्रिय के आनन तक,
भावों के इस प्रबल वेग से, मच जाती मन में हलचल।

पात डाल तरु लता तृणों में, बहता है बन प्राण प्रिये।
धरा गगन में प्रेम गूँजता, सुमधुर बन कर गान प्रिये।

प्रीत अधर जब छू जाते तब, चमके तन बन कर सोना।
हुलसित होती हिय की धरती महके मन का हर कोना।
दृग गागर सागर छलकाता, फूलों से ले के मधु जल,
प्यारा लगता है फिर जग में, चैन रैन का भी खोना।

लघुता को भी अमर करे जो, ऐसा ये वरदान प्रिये।
धरा गगन में प्रेम गूँजता, सुमधुर बन कर गान प्रिये।

प्रीत रीत में डूबी दुनिया,लगती है वैसी प्यारी।
घने तिमिर को हर लेती है, जैसे किरणें उजियारी।
मधुर मिलन से पुष्पित होती,मन उपवन की हर डाली,
गंगा मीरा राधा तुलसी, प्रेम सुधा की है क्यारी,

कान्हा की बंसी में बसता, बन भावों की खान प्रिये।
धरा गगन में प्रेम गूँजता, सुमधुर बन कर गान प्रिये।