Last modified on 15 मार्च 2017, at 13:32

समय-चक्र / योगेन्द्र दत्त शर्मा

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:32, 15 मार्च 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=योगेन्द्र दत्त शर्मा |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

टूटे रथ, अश्व थके
छूट गईं वलाएं!

धुंध के सिवानों को
लौट गई पगडंडी
शेष रही एक थकन
एक यातना ठंडी

एक जलन, एक चुभन
छोड़ गईं यात्राएं!

मंगल-ध्वनि, शंखनाद
तोरण, बंदनवारें
ज्योति-कलश, रक्त-तिलक
सिन्दूरी मनुहारें

आहत सब दृश्य हुए
टूट गिरीं उल्काएं!

बीते संदर्भ सभी
अलगोजा, इकतारा
ओझल वे राम-धुनें
चंदन-तन गलियारा

पारे में बदल गईं
इस्पाती आस्थाएं!