भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
युग का मौन वातावरण! / बलबीर सिंह 'रंग'
Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:19, 23 जून 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बलबीर सिंह 'रंग' |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
युग का मौन वातावरण!
प्रलय प्रेरित मंत्र जागे,
मुक्त हो पर तंत्र जागे,
चेतना के प्राण छू कर-
सुप्त जीवन यंत्र जागे।
व्योम व्याकुल है धरा के चूमने को चरण!
युग का मौन वातावरण!
आज का मानव न दुर्बल,
आज का मानव न असफल,
लय हुआ विध्वंस कल में-
आज के निर्माण में बल।
स्वप्न भी करने चला अब सत्य का आचरण!
युग का मौन वातावरण!
जीर्ण कुटियों की कहानी,
भग्न हृदयों की निशानी,
चिर-विकल जनता जनार्दन-
की खुली अवरुद्ध वाणी
बधिर बनकर रह न सकते देव अशरण शरण!
युग का मौन वातावरण!