प्रस्थान हो रहा है / बलबीर सिंह 'रंग'

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:30, 23 जून 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बलबीर सिंह 'रंग' |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

प्रस्थान हो रहा है, पथ का पता नहीं है।

सागर से माँग पानी
देते न मेघ दानी,
लहरें भी लिख न पातीं
तूफान की कहानी।
नैराश्य की निशा में
आलोक की दिशा में

अभियान हो रहा है, गति का पता नहीं है।
प्रस्थान हो रहा है, पथ का पता नहीं है।

बिजली ने नहीं सीखा
मधुवन से दूर गिरना,
चन्दा को नहीं आया
तारों से बात करना।
दुख-दैन्य के दमन में
सुख-शान्ति के चयन में
व्यवधान हो रहा है, क्षति का पता नहीं है।
प्रस्थान हो रहा है, पथ का पता नहीं है।

अपदस्थ हो रही हैं
तपनिष्ठ साधनायें,
असमय बदल रही हैं
जीवन की मान्यतायें।
विध्वंस की डगर में
निर्माण के नगर में
क्या क्या न हो रहा है, कृति का पता नहीं है।
प्रस्थान हो रहा है, पथ का पता नहीं है।

इस पृष्ठ को बेहतर बनाने में मदद करें!

Keep track of this page and all changes to it.