भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

याद आई तो याद आई बहुत / जयप्रकाश त्रिपाठी

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:16, 25 नवम्बर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=जयप्रकाश त्रिपाठी |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

याद आई तो याद आई बहुत,
बात से निकली हुई बातों की।
याद आई तो याद आई बहुत,
कई मुश्किल भरे हालातों की।

आँख भर आती है पढ़ते-पढ़ते,
उनके क़िस्से, कहानियाँ उनकी,
एक बच्चा था उनको थामे हुए
और कुछ एक नादानियाँ उनकी,
याद आई तो याद आई बहुत,
ख़ौफ़ खाई उन मुलाक़ातों की।

राह पगडण्डियों की मारी थी
गाँव से ऐसी उनकी यारी थी
क्या कहें, क्या सुनें, बताएँ क्या
उनकी हर चाल में दुश्वारी थी
याद आई तो याद आई बहुत,
उनके दिन की, अन्धेरी रातों की।

चाहे जैसे, भले-बुरे जो थे,
गाँव था उनमें, गाँव में वो थे
घर, फ़सल, खेत, पेड़-पौधे सब
बेचकर आए शहर रो-रो के
याद आई तो याद आई बहुत,
उनके भीगे हुए जज़्बातों की।

क्योंकि कोई न था पीछे-आगे,
एक दिन शहर छोड़कर भागे,
सो गए, घाट वाले पीपल पर
अपनी तस्वीर को टाँगे-टाँगे,
याद आई तो याद आई बहुत,
बूढ़ी आँखों की, ख़ाली हाथों की