Last modified on 5 फ़रवरी 2018, at 14:39

हे विहंगिनी / भाग 6 / कुमुद बंसल

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:39, 5 फ़रवरी 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमुद बंसल |अनुवादक= |संग्रह=हे वि...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

51
जो आई आँधी
गर्व फूले वट की
झुकी कमान,
बची लचीली दुर्वा
जो थी निर्भिमान।

52
मैं हूँ मोहित
फगुनाई फसलें
बौराये वृक्ष
निंदियारे नयन
भिनसारे सपन।

53
श्वेताम्बरी-सी
शबनम छिपी है
सकुचाती-सी,
झीना पुष्प-संसार
मीठा-सा अभिसार।

54
रात की रानी
मादकता फैलाये,
पखेरू मन
गीत गुनगुनाये,
पंख हौले हिलाये।

55
बाहें फैलाये
मोटी-सी आँखों वाला
अकड़ खड़ा,
खेत का रखवाला
भुस भरा पुतला।

56
मन्द-मलय
अनेक कुवलय,
वीचि विलास,
अली छू रहा कली,
करता परिहास।

57
पुष्प जानता
मुरझाना है उसे,
सुरभि देता,
नहीं चिन्ता संध्या की,
रहता मुस्कुराता।

58
तम बिखरा,
फैलती कण-कण
मोगरा गन्ध,
स्मित हास्य चाँद का,
रचती प्यारी सृष्टि।

59
प्रेयसि भोर
आज है श्यामांगिनी,
प्रसून-हास,
पावस नर्तन ही
है अमर उल्लास।

60
पंखुड़ी हुई
है मकरन्दमयी,
मुकुलित हो
शेफालिका कली,
लजाई-सी झरे।