भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

और क्या चाहिए / सुधेश

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:03, 15 फ़रवरी 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुधेश |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGeet}} <poem>...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कैसी कोरी धूप खिली
      कैसी सुबक कली खिली
      जीवन में और क्या चाहिए।

ऊपर गगन चादर तनी
नीचे घास का बिछौना
मदिर-मदिर पवन बहा
फूल झूलता सलोना।
       जीवन की बाटिका में
           मधु रंगों के मेले में
      मन को और क्या चाहिए।

नए मन प्राण मिले
धरती आसमान मिले
इतनी बडी दुनिया में
जीने के सौ सामान मिले।
      सिन्धु में इक बून्द जैसी
     नन्हीं-सी जान को
     जीवन में और क्या चाहिए।

दिन में तो दौड़ धूप
जाना पड़ेगा काम को
सारे दिन मशीन बने
 थक लौटना है शाम को ।
       रात को लो मीठी नींद
      सपने रंगीन देखो
     जीवन में और क्या चाहिए।