भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
अपनों से, अपने ही बरबस / नईम
Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:42, 13 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |अनुवादक= |संग्रह=पहला दिन मेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
हिन्दी शब्दों के अर्थ उपलब्ध हैं। शब्द पर डबल क्लिक करें। अन्य शब्दों पर कार्य जारी है।
अपनों से, अपने ही बरबस छूट रहे हैं।
क्या बचाव है गतिगर्भित दुर्घटनाओं से?
दिल्ली से फरियाद करें क्या
रिरियाना क्या पटनाओं से।
इनसे अगर बच गए तो फिर,
हैं कुछ छुतही महामारियाँ-
पोर-पोर में कोढ़ कौम के बिना बताए फूट रहे हैं।
आप ज़िंदगी के मानी ही पूरी उम्र तलाशा करिए,
कभी भीड़, नारे, जुलूस तो खुद को कभी तमाशा करिए।
महज मखौलों में जीते हम
संसद हो या हों चौराहे,
अपनी ही नंगई बताते मान-मूल्य सब टूट रहे हैं।
ग्राफ गिरानी के, गु़र्बत के आँख-मूँदकर भाग रहे हैं,
भाग्य मुनाफे अय्याशी के सोए सोए जाग रहे हैं।
ग़लतबयानी के हल्कों में-
भाषा की हो रही फजीहत,
रब्ब न जाने कहाँ सो रहा, बंदे छाती कूट रहे हैं।
बहुत तेज रफ़्तार वक्त की,
अपनों से अपने ही बरबस छूट रहे हैं।