भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रखे हुए माथे पर महादेश / नईम

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:49, 14 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |अनुवादक= |संग्रह=पहला दिन मेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

रखे हुए माथे पर महादेश, महाकाल,
सुनो जी वीर विक्रम, सुनो अगिया बैताल!

दूध का धुला कोई, आसन या सिंहासन,
बचा नहीं! सत्ता के साये में दुःशासन;
सँकरे गलियारों से संसद तक सरेआम।
द्रौपदियों की अस्मत करते बैठे हलाल।

फूस समझ चर लेते क्या होता हासिल,
अपने हाथों फूँक रहे घर, अंधे जाहिल;
धर्म और ईमान थोक के भाव बेचते-
मनुश्रद्धा की क़ीमत, आँक रहे हैं दलाल।

कूट रहा छाती अतीत क्यों, वर्तमान गुम,
पता नहीं किन मुल्क़ों में है आगत की दुम;
क़फ़न चुराने, गड़े हुए मुर्दे उखाड़ने में-
है अपनी हिम्मत के आगे किसकी मजाल?

रखे हुए माथे पर महादेश, महाकाल,
सुनो वीर विक्रम, सुनो अगिया बैताल!