भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

अंतस को औंटे बिना / नईम

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:52, 14 मई 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नईम |अनुवादक= |संग्रह=पहला दिन मेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

अंतस को औंटे बिना,
अभ्यासों के बूते-
जीवन-भर गाए जाते अभंग।

साँसों के दम-खम दाँव-पेंच, बोलों-ततकारों के,
बाजीगर, चर्चे ही चर्चे हैं मात्र चमत्कारों के;

महज जुगलबंदी में,
शौर्य के प्रदर्शन ये-
इनकी ढोलक फूटी उनके फूटे मृदंग।

प्यार के दरीचे ये औलिया फकीरों की ख़ानकाह,
इनमें से होकर गुज़रता है एक बड़ा जनप्रवाह;

खु़सरो की देहरी पर
अंतस गलाए बिना
जानूँ मैं, गा जाए कोई रंग?

कला और जीवन के अंतरसंबंधों पर बोल रहे,
सुरों, शब्द, रंगों का समझे बिना स्वभाव, घोल रहे;

गहरे प्रभावों को
सतह पर खड़े होकर
व्याख्यायित करते बैठे मलंग।

अंतस को साधे बिना,
जीवन-भर गाए जाते अभंग।