Last modified on 6 अगस्त 2019, at 19:19

सुनो कान्हा / योगक्षेम / बृजनाथ श्रीवास्तव

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:19, 6 अगस्त 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बृजनाथ श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सुनो कान्हा !
अधर पर बाँसुरी धर धुन
नई कोई निकालो फिर

पंक होता
जल-तरणिजा
नील फिर परिधान ओढ़े
और गोवर्धन
हँसे फिर
शक्र का फिर दंभ तोड़े

सुनो कान्हा !
सुनाकर भैरवी धुन को
समय-अर्णव खँगालो फिर

सप्तरंध्रों
से पुन: खल
चक्रव्यूही द्वार भेदो
दुशासन की
परुष जंघा
सुदर्शन से अभी छेदो

सुनो कान्हा !
सियासत के नटों से हर
 द्रुपदकन्या बचालो फिर

चक्रवत
चलते समय के
द्वापरी दिन फिर भगाओ
मुक्ति की
उस बाँसुरी से
गीत-गीता सुर सुनाओ

सुनो कान्हा !
सुदर्शन हाथ में ले
देश अब तुम ही सँभालो फिर