भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

लायें फिर सोन दिवस / योगक्षेम / बृजनाथ श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:58, 6 अगस्त 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बृजनाथ श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कैसे ये दिन आये
लोग रहे
घर के न घाट के

पर्वत भी सिकुड़ गये
नदियाँ भी रेत हुईं
हरी-भरी फसलें भी
लगतीं ज्यों बेंत हुईं

कैसे ये दिन आये
फूल झरे
गंधों को बाँट के

आभासी रिश्तों में
सुधियों की बात कहाँ
हाथों में हाथ लिए
सोंधी सौगात कहाँ

कैसे ये दिन आये
लोग जियें
अपनो को काट के

हमने तो बोये हैं
अमरित के बीज सदा
हरियायें लतिकायें
दुलराये पवन सदा

सपना है लायें फिर
सोन दिवस
दुर्दिन को छाँट के