भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

किरणें कमसिन / गरिमा सक्सेना

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:05, 19 दिसम्बर 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=गरिमा सक्सेना |अनुवादक= |संग्रह=ह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कुहरे का गुब्बारा
छेद गई पिन
चीर निकल आईं हैं
किरणें कमसिन

कब से ही धुंध तले
पड़े थे उदास
खोया-खोया-सा था
मन का विश्वास

साहस ने काट लिये
पतझड़ के दिन


कलियाँ खिलने को हैं
देख नवल धूप
लड़कर ही पाया है
कोंपल ने रूप

अपने-से लगते हैं
अब ये पल-छिन

फगुनाया जीवन है
टेसू-सा लाल
पछुआ उड़ेल रही
धूल का गुलाल

आया संवत्सर का
पुनः जन्मदिन