भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
छू पाओ तो / मधु प्रधान
Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:04, 31 मार्च 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मधु प्रधान |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
छू पाओ तो
मन को छू लो
उन्मन मन नीरिल नयनों में
मदिर फागुनी धूप खिलेगी
अनायास ही महक उठेगा
मन सपनों में गन्ध घुलेगी
भावों के
उन्मुक्त गगन में
डोल सको पँछी से डोलो
छू पाओ तो
मन को छू लो
तन मिट्टी का एक खिलौना
इसको पाया तो क्या पाया
नदी रेत की मृग की तृष्णा
छाया केवल, छाया, छाया
प्राणों की
शाश्वत वीणा पर
घोल सको अमृत स्वर घोलो
छू पाओ तो
मन को छू लो