भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

टेरती फगुनहट है आओ मनमीत / रंजना वर्मा

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:50, 4 अप्रैल 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=गीत...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

टेरती फगुनहट है आओ मनमीत।
गलियों में गूंज उठे फागुन के गीत॥

यादों का पंछी पर तोलने लगा
कोकिला अमराई में बोलने लगा,
झुरमुट के पीछे जब बजी बाँसुरी
संयम का आसन भी डोलने लगा।

छेड़तीं हवाएँ सुगंधित संगीत।
गलियों में गूंज उठे फागुन के गीत॥

सर्षप सुमनों ने ऋतुराज बुलाया
कवियों ने भ्रमरों को पास सुलाया।
अलियों ने गुनगुन की तान छेड़ दी
सुमनों ने लज्जा अंचल ढलकाया।

तितली सिखाती है जीवन की रीत।
गलियों में गूंज उठे फागुन के गीत॥

रवि ने संध्या मुख पर डाला गुलाल
टेसू ने उपवन को किया लाल लाल,
हँसा गुलमोहर पलाश झूमने लगा
चातक मयूरों की बदल गई चाल।

मस्ती है कहती रुत जाए न ये बीत।
गलियों में गूंज उठे फागुन के गीत॥