भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

फिर स्मृति में आया कोई / कमलेश द्विवेदी

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:11, 1 जुलाई 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कमलेश द्विवेदी |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भूली-बिसरी कुछ यादों में नयन हो गये सावन-सावन।
फिर स्मृति में आया कोई हृदय हो गया पावन-पावन।

मैंने घंटों अलबम पलटी
देखे अनगिन चित्र पुराने।
पता नहीं कब नींद आ गयी
सपने आकर लगे रिझाने।
फिर सपनों में आया कोई रात हो गयी चन्दन-चन्दन।
फिर स्मृति में आया कोई हृदय हो गया पावन-पावन।

वातावरण सुगन्धित सारा
मेरा हर क्षण लगा महकने।
पंछी मेरी आशाओं का
फुदक-फुदक कर लगा चहकने।
फिर चितवन में आया कोई रूप हो गया दरपन-दरपन।
फिर स्मृति में आया कोई हृदय हो गया पावन-पावन।

दिवस-निशा के महामिलन पर
संध्या ने सिन्दूर बिखेरा।
दोनों एकाकार हो गए
रहा न कुछ भी तेरा-मेरा।
फिर साँसों में आया कोई और हो गया जीवन-जीवन।
फिर स्मृति में आया कोई हृदय हो गया पावन-पावन।