भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

हरा नहीं हो सकता है / कमलेश द्विवेदी

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:29, 1 जुलाई 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कमलेश द्विवेदी |अनुवादक= |संग्रह=...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जो जड़ से ही सूख गया हो हरा नहीं हो सकता है।

जो भीतर से भारी होता
हलकी बात नहीं करता है।
वर्तमान की बातें करता
कल की बात नहीं करता है।
जो पल-पल ही छलक रहा हो भरा नहीं हो सकता है।
जो जड़ से ही सूख गया हो हरा नहीं हो सकता है।

सदा छल-कपट करने में ही
जिसके मन को है सुख मिलता।
जो जीवन में अपनाता बस
धोखेबाज़ी और कुटिलता।
जो मन से ही खोटा हो वह खरा नहीं हो सकता है।
जो जड़ से ही सूख गया हो हरा नहीं हो सकता है।

जो नदिया कि तरह न मीठा
और न सागर-सा गहरा हो।
जिसमें ना पर्वत-सा साहस
ना धरती-सा धैर्य भरा हो।
वो नदिया-पर्वत-सागर या धरा नहीं हो सकता है।
जो जड़ से ही सूख गया हो हरा नहीं हो सकता है।