Last modified on 4 अगस्त 2020, at 22:38

बुड़की वाले दिन / प्रभुदयाल श्रीवास्तव

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:38, 4 अगस्त 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रभुदयाल श्रीवास्तव |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

बहुत भले लगते पापा को,
बुड़की वाले दिन

बुड़की वाले दिन होते थे,
लड्डू लैया के।
शक्कर ढले खिलोने मिलते,
चोर सिपहिया के।
चावल के मक्का के आटे,
के लड्डू बनते।
बड़ी कढ़ाई में झारे से,
झर-झर सेव झरते।
सुबह शाम दादी देती थी,
लड्डू छ: गिन गिन।

पापा कि आँखों में दिखता,
बचपन का संसार।
जिसके भीतर बहती दिखती,
नीली नदी सुनार।
बुड़की के दिन सुबह सबेरे,
सब नदिया जाते।
सबको पकड़-पकड़ दादाजी,
डुबकी लगवाते।
तन तो बस गीला होता था,
निर्मल होता मन।

शिवजी के मंदिर में चढ़ती,
थाली खिचड़ी की।
बहुत मांग होती थी उस दिन,
तिल के लड्डू की।
घर में पकती खिचड़ी गढ़िया,
घुल्ला सब खाते।
मुझे और दो लड्डू अम्मा,
बच्चे चिल्लाते।
बचपन की यादें पापा को,
आती हैं पल छिन।