Last modified on 28 मार्च 2021, at 16:26

इतने थोड़े जल में / अमरनाथ श्रीवास्तव

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:26, 28 मार्च 2021 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

             कैसे हम काँच के
             घरौन्दों में रहते
             ठेस कहीं लगने का
             भय कितना सहते

इतने थोड़े जल में
ऐसी रंगरलियाँ
हम न हुए शीशे के —
ज़ार की मछलियाँ
सबकी अपनी बोली
किससे क्या कहते
             कैसे हम काँच के
             घरौन्दों में रहते

लोगों को मिलती है —
नीन्द बिना माँगे
लेकिन आदत अपनी
जाए तो जागे
वरना हम भी
सीधी धारा में बहते
             कैसे हम काँच के
             घरौन्दों में रहते

कभी तो मिले होते
वृक्ष हम अभागे
सांसों की धूल बची
आँधी के आगे
ढहते भी तो —
केवल एक बार ढहते
             कैसे हम काँच के
             घरौन्दों में रहते