भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मन कहाँ को चल चला तू / मानोशी

Kavita Kosh से
Manoshi Chatterjee (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:11, 27 मई 2021 का अवतरण ('।{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार= मानोशी |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGeet}}...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मन कहाँ को चल चला तू ।।

छोड़ आया बाग़ सारे,
आसमाँ भर के सितारे,
चाँद हाथों से फिसल कर
गिर गया सागर किनारे,
ढूँढता क्या अब भला तू ।
मन कहाँ को चल चला तू ।।

बहुत देखे प्रेम-बंधन,
मोह में फँस झुलसता तन,
दौड़ता मन दिग्भ्रमित सा
और फिर ढल गया यौवन,
अब गिने क्यों कब जला तू ।
मन कहाँ को चल चला तू ।।

रात हो जब बहुत काली,
फूटती तब भोर-लाली
आस जब मुरझा रही हो,
विहँस आती बौर डाली
हारता क्यों हौसला तू ।
मन कहाँ को चल चला तू ।।