भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मैं तुम्हें पुकारूँगा / रामचन्द्र ’चन्द्र भूषण’

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:10, 13 अगस्त 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामचन्द्र ’चन्द्र भूषण’ |अनुवाद...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

फूलों को प्रश्न से
गन्ध को विराम से
        मैं तुम्हें पुकारूँगा
        एक छद्मनाम से।

बाँध लिया है सेहरा
ख़ुशगवार दिन ने
जाफ़रियों से छनकर
आने लगी धूप।
     साबुन के झाग-भरे
     हौज में नहाकर
     जवां शाख़सारों के
     सिरहाने लगी धूप ।

सूरज के घोड़े
गलियारों में भटक गए
        रोके रुकते नहीं
        रेशमी लगाम से ।

एक जलेबी नुमा
सम्बोधन ओढ़ के
हमने अंकवार लिया
चुहलबाज़ पल को
     कुण्ठाएंँ तोड़कर
     चुपके से चख लिया
     फिर आदम -ईव के
     उस वर्जित फल को ।

दुपहर में गूथूँगा
खुसरो की मुकरियाँ
       सतसैया के दोहे
       माँगूँगा शाम से ।