भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सुअवसर है / सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:55, 1 दिसम्बर 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश' |अनुवाद...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कामना है चूम लूँ आकाश,क्यों ?
किन्तु आहत का चुके विश्वास,क्यों ?

वायु की वैशाखियाँ पहने हुए,
कर रहे हैं स्वर्ग की हम आस, क्यों ?

रत्न ही तुमने बटोरे आज तक-
लग रहे हैं किन्तु बन्धु ! उदास क्यों ?

जिन्दगी के रंग हैं कितने सखे !
एक क्षण दुख एक क्षण है हास,क्यों ?

यह सुअवसर है, नहीं है जिन्दगी,
कर रहा फिर भी समय का नाश, क्यों ?

कर्म-पथ पर जो डटे हटते नहीं,
हैं उन्हीं के हेतु घन सन्त्रास, क्यों ?

प्रेरणाएँ जब रहीं मिलती तुझे,
खेलता ही रह गया फिर ताश क्यों ?

मैं जिन्हें अपनत्वधन देता रहा,
कर रहे वे लोग ही उपहास क्यों ?