भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कुछ मीठा कुछ खारापन है / ओंकार सिंह विवेक

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:35, 8 नवम्बर 2022 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=ओंकार सिंह विवेक |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कुछ मीठा कुछ खारापन है,
क्या-क्या स्वाद लिए जीवन है।

कैसे आँख मिलाकर बोले,
साफ़ नहीं जब उसका मन है।

शिकवे भी उनसे ही होंगे,
जिनसे थोड़ा अपनापन है।

धन-ही-धन है इक तबक़े पर,
इक तबक़ा बेहद निर्धन है।

सूखा है तो बाढ़ कहीं पर,
बरसा यह कैसा सावन है।

कल निश्चित ही काम बनेंगे,
आज भले ही कुछ अड़चन है।

दिल का है वो साफ़,भले ही,
लहजे में कुछ कड़वापन है।