Last modified on 18 सितम्बर 2023, at 01:13

चक्रधर! वंशी तजो / आनन्द बल्लभ 'अमिय'

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:13, 18 सितम्बर 2023 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=आनन्द बल्लभ 'अमिय' |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

अधजला शव देखकर सहमी पड़ी हैं राधिकाएँ
चक्रधर! वंशी तजो, अनुराग का पल टल चुका है।

धर, सुदर्शन हाथ सौ के पार गाली हो चुकी है।
अघ मनुजता भावनाएँ, सभ्यताएँ खो चुकी है।
शान्ति की गोधूलि का रवि, राहु भय से ढल चुका है।
चक्रधर! वंशी तजो, अनुराग का पल टल चुका है।

क्या गदा कौमोदकी कर में सुशोभित ही रहेगी?
या किसी व्यभिचार के विपरीतता में भी उठेगी?
अब तुम्हारा रूप भावन, कृष्ण! सबको खल चुका है।
चक्रधर! वंशी तजो, अनुराग का पल टल चुका है।

हे सहस्त्राकाक्ष! क्या तुमको दिखाई दे रहा है?
या तुम्हारा इष्ट ही तुमसे विदाई ले रहा है?
रे सनातन! सभ्यता का शव निहारो, जल चुका है।
चक्रधर! वंशी तजो, अनुराग का पल टल चुका है।