भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

एक उत्सव गीत / शुभम श्रीवास्तव ओम

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:42, 1 मई 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शुभम श्रीवास्तव ओम |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

शोकगीतों के समय में
एक उत्सव गीत लिखकर
ख़ुश हुआ मन!

एक अँधियारा हुआ सुख
अजनबीपन
देह पर अपनी
न चाहा स्पर्श-सा कुछ
गीत आदिम चाहता मन
और जीवन
हो रहा मुश्किल
‘कथन-निष्कर्ष’-सा कुछ

प्रश्न गीतों के समय में
एक उत्तर गीत लिखकर
कुछ हुआ मन!

एक सीमा
एक निजता-सामूहिकता
लोग अब ज़्यादा सहज हैं
पक्ष बनकर
हर असहमति के लिए
है प्रति-असहमति
हाथ में लेकर खड़ी
पिस्तौल-पत्थर

युद्ध गीतों के समय में
एक सहमति गीत लिखकर
चुप हुआ मन!