भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पक रही है कविता / संतोष श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:16, 30 मार्च 2025 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=संतोष श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कविता ज़िन्दगी की
अनिवार्य ज़रूरत है

वह सुनती है
आत्मा की आवाज
देखती है ...

निर्दयी, निर्मम आतंक से
एक ही पल में मिटते
पृथ्वी को दी
हर बन्दे के रूप में
ईश्वर की सबसे
बेशकीमती सौगात को

बंदूकों की होड़
बमों का जखीरा
आत्मघाती धमाकों से
ढेर हुई इंसानियत को

शवों पर कलपते दाम्पत्य को
अनाथों की बढ़ती तादाद को
युद्ध ,विनाश की कगार पर
झुकती दुनिया को
जो विनाश का
केवल एक घातक अंश है

हर राष्ट्र को ख़ुद को
सही साबित करने की
जरूरी बहसों में डूबते
सियासी दाँवपेंच की जद में
धर्म को

कविता को
आवाज देनी है ज़मीर को
बचाना है प्यार को
हताश नहीं होना है
कविता को
 
शब्द शब्द गढ़ना है
टूटे हुए को
भाव भाव जगाना है
विश्व चेतना को

पक रही है कविता
अंश अंश मेरे अंदर
जो संपूर्ण मानवता को
बचाने के लिए
करेगी अंतरसंवाद