भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
मॉडर्न / शशि सहगल
Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:46, 24 जनवरी 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शशि सहगल |संग्रह= }} <Poem> कालिदास के यक्ष ने भेजा था...)
कालिदास के यक्ष ने
भेजा था संदेसा
अपनी यक्षिणी को
बादलों के पन्नों पर
किए थे हस्ताक्षर
अपनी विरहाकुल आँखों से।
अब क्यों नहीं ले जाते संदेसा
आते-जाते बादल
मन की तरह उमड़-घुमड़
आस-पास ही बरस
फ़र्ज़ पूरा हुआ सोच
उड़ जाते हैं कहीं और।
आज
कौन ढोता है जल-भार
औरों को शीतल करने के लिए।