भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

छड़ी हमारी / कामताप्रसाद 'गुरु'

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:15, 10 जुलाई 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कामताप्रसाद 'गुरु' |अनुवादक= |संग्...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

यह सुंदर छड़ी हमारी,
है हमें बहुत ही प्यारी।

यह खेल समय हर्षाती,
मन में है साहस लाती,
तन में अति जोर जगाती,
उपयोगी है यह भारी।

हम घोड़ी इसे बनाएँ
कम घेरे में दौड़ाएँ,
कुछ ऐब न इसमें पाएँ,
है इसकी तेज सवारी।

यह जीन-लगाम न चाहे,
कुछ काम न दाने का है,
गति में यह तेज हवा है,
यह घोड़ी जग से न्यारी।

यह टेक छलाँग लगाएँ,
उँगली पर इसे नचाएँ,
हम इससे चक्कर खाएँ,
हम हल्के हैं, यह भारी।

हम केवट हैं बन जाते,
इसकी पतवार बनाते,
नैया को पार लगाते,
लेते हैं कर सरकारी।

इसको बंदूक बनाकर,
हम रख लेते कंधे पर,
फिर छोड़ इसे गोली भर,
है कितनी भरकम भारी।

अंधे को बाट बताए,
लंगड़े का पैर बढ़ाए,
बूढ़े का भार उठाए,
वह छड़ी परम उपकारी।

लकड़ी यह बन से आई,
इसमें है भरी भलाई,
है इसकी सत्य बड़ाई,
इससे हमने यह धारी।