भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

देवा चुप हैं / हम खड़े एकांत में / कुमार रवींद्र

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:46, 7 अगस्त 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=ह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

क्या बतलाएँ
धम्मधाम में विपदा व्यापी
देवा चुप हैं

बोधिवृक्ष पर बैठे पंछी काँप रहे हैं
करुणा-भीगे गाछों ने उत्पात सहे हैं

मची हुई है
मन्दिर में भी आपाधापी
देवा चुप हैं

जली घास पर ओस खोजती डरी गिलहरी
कल जलसे में हुई सुजाता अंधी-बहरी

महाघाट पर
चिता-अगिन सबने है तापी
देवा चुप हैं

धुआँ घटाएँ - लहू-भिगोई बहीं हवाएँ
आहत-घायल बोधिसत्व की नेह-कथाएँ

पूजा की यह
तान नई किसने आलापी
देवा चुप हैं