भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दोहा सप्तक-97 / रंजना वर्मा

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:49, 14 जून 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रंजना वर्मा |अनुवादक= |संग्रह=दोह...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बेटी ही जगतारिणी, बेटी जग आधार।
पत्थर होगा वो हृदय, जो न लुटाये प्यार।।

झाँसी की रानी बनी, रिपुदल का आतंक।
चली मिटाने जो लगा, परतन्त्रता कलंक।।

रण में बढ़ हुंकारती, फूँक रही थी शंख।
सुना फिरंगी सैन्य ने, टूटे आशा - पंख।।

गीली गीली रात में, निकली सीली भोर।
पीली पीली धूप भी, गयी गगन की ओर।।

उत्तर के नागर सभी, ताप रहे हैं आग।
चिथड़ा कथरी ओढ़ के, रात रही है जाग।।

गीली गीली सर्दियाँ, लगीं कँपाने हाड़।
बार बार शीतल पवन, खड़का रही किवाड़।।

आया था चुपचाप ही, चला गया चुपचाप।
खौल रहा दिल उठ रही, ठंढी ठंढी भाप।।