भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

धूप है ज़्यादा कम है छाया / रमानाथ अवस्थी

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 15:36, 2 जनवरी 2024 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रमानाथ अवस्थी |अनुवादक= |संग्रह=आ...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

           धूप है ज़्यादा, कम है छाया
           आख़िर यह मौसम भी आया !

टूट चुका है नींद का जादू, कोई सपना साथ नहीं है,
कहने को तो है बहुतेरा, वैसे कोई बात नहीं है !
           सारी रात रहा खुलता जो,
           सुबह वही घूँघट शरमाया !

धुँधली हैं तारों की गलियाँ, पाप के रस्ते चमकीले हैं,
काँटे हैं वैसे के वैसे, फूलों के चेहरे पीले हैं !
           ख़ुशबू भटके मारी-मारी
           मधुवन का है अंग लजाया !

साँझ के दरवाज़े तक हमको, छोड़ गई हैं दिन की राहें,
बस्ती के ऊपर फैली हैं, साँपों जैसी काली बाँहें !
           मौत के रंग से ज़्यादा गहरा,
           उजले इनसानों का साया !

गीत के सौदे करने वाले, दर्द की क़ीमत को क्या जानें,
कौन उन्हें जाकर समझाए, बिकते नहीं कभी दीवाने !
           अन्धकार के रंगमहल में,
           कब कोई सूरज सो पाया ।

तेज़ बहुत हैं वक़्त के पहिए, अब रुकने की बात करें क्या,
राह में क्या कुछ टूटा-फूटा, सोच इसे अब आँख भरें क्या ?
           आओ अब सामान सम्भालें,
           देर हुई यह शहर पराया !