भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए
पत्थर शहर की छाँव में / पंख बिखरे रेत पर / कुमार रवींद्र
Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 02:47, 15 जुलाई 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कुमार रवींद्र |अनुवादक= |संग्रह=प...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)
फिर
गुंबजों के सिलसिले
पत्थर-शहर की छाँव में मीलों चले
जो भी चढ़ा
पागल हुआ
मीनार की तासीर है
हाथों में सूरज
पाँव से लटकी हुई जंजीर है
जो आँख मूँदे
वे भले
पत्थर-शहर की छाँव में मीलों चले
हर रास्ते के सामने
ऊँची खड़ी दीवार है
हम सुन रहे हैं
खुशबुओं की छावनी
उस पार है
इस ओर हैं
जंगल जले
पत्थर-शहर की छाँव में मीलों चले