भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पर्वत पर चढ़ कर / रमेश रंजक

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:21, 25 सितम्बर 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रमेश रंजक |अनुवादक= |संग्रह=अतल की ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पर्वत पर चढ़कर
इतराने वाले भी कहते हैं
पर्वत चुप रहते हैं ।

कोई सड़क, सुरंग बनाए
कोई पूजे या गरियाए
लेकिन पौरुष का प्रस्तावन
क्षुद्र प्रहारक जान न पाए

ऐसे दुख-सुख सहज भाव से
               पर्वत ही सहते हैं...
               पर्वत चुप रहते हैं ।

रीझे गगन-गन्ध के ऊपर
इसीलिए कहलाए भूधर
बादल का दल, गल जाता है
जिसके रजत शिखर को छूकर

अपनी ऊँचाई से ऊँचे
               सत्यमेव जयते हैं...
               पर्वत चुप रहते हैं ।